सोमालिया की लड़ाई में 47 मारे गए

एक मानवाधिकार कार्यकर्ता ने बीबीसी को बताया है कि सोमालिया के शहर धुसा मरीब में जारी लड़ाई में कम से कम 47 लोग मारे गए हैं और 100 लोग घायल हैं. अलमन नाम के मानवाधिकार संगठन से जुड़े अली यासीन ने कहा है कि विद्रोहियों और सरकार से जुड़े सगंठनों की बीच जारी लड़ाई के बाद लोग कस्बा छोड़ कर जा रहे हैं.
अली यासीन ने बताया कि कस्बे में मौजूद उनके संगठन के कार्यकर्ताओं से उनकी बात हुई है और यही बातचीत जानकारी का आधार है. धुसा मरीब राजधानी मोगादिशु से 500 किलोमीटर दूर है.
माना जा रहा है कि सरकार समर्थक गुट अहलू सुन्ना ने अल शबाब चरमपंथी गुट के क़ब्ज़े से धुसा मरीब को छुड़ा लिया है. रिपोर्टें थी कि कुछ घंटों के लिए कस्बे पर चरमपंथियों का क़ब्ज़ा हो गया था.
संवाददाताओं के मुताबिक अहलू सुन्ना की स्थापना अहिंसा पर चलने वाले गुट के तौर पर हुई थी जो इस्लाम के नरमपंथी चेहरे को बढ़ावा देगा लेकिन पिछले साल गुट ने अल शबाब के ख़िलाफ़ हथियार उठा लिए थे. अल शबाब के बारे में कहा जाता है कि उसका अल क़ायदा से संबंध है.
वर्ष 1991 के बाद से सोमालिया में कोई राष्ट्रीय कार्यकारी प्रशासन नहीं है. संयुक्त राष्ट्र के समर्थन से चलने वाली सरकार का देश के कुछ हिस्सों पर नियंत्रण है.












Click it and Unblock the Notifications