जम्मू-कश्मीर में शुरु होगी प्री-पेड सेवा

राज्य के एक शीर्ष अधिकारी ने बुधवार को बताया कि केंद्रीय गृह सचिव जी.के. पिल्लई के नेतृत्व में नई दिल्ली में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में जम्मू एवं कश्मीर में दो माह से प्री-पेड मोबाइल सेवाओं पर लगे प्रतिबंध को हटाने का फैसला किया गया है।
राजधानी में आयोजित इस बैठक में राज्य के मुख्य सचिव एस. एस. कपूर और खुफिया विभाग के प्रमुख के. राजेंद्र सहित राज्य के आला अधिकारी भी मौजूद थे। एक अधिकारी ने बताया, "प्री-पेड मोबाइल सेवाओं पर लगा प्रतिबंध अगले सप्ताह से हटाया जा रहा है और विभिन्न मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियां राज्य में त्रुटिरहित सत्यापन प्रणाली अपनाएंगी।"
उन्होंने कहा, "राज्य में मोबाइल सेवाएं चला रही विभिन्न सेवा प्रदाता कंपनियों को सत्यापन की समुचित व्यवस्था करने के लिए नए और पुराने उपयोगकर्ताओं की गहन जांच करने संबंधी कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।"
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने एक नंवबर से जम्मू एवं कश्मीर में प्री-पेड मोबाइल सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया था लेकिन राज्य में सत्तारूढ़ नेशनल कांफ्रेंस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों ने इस फैसले की कड़ी आलोचना की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications