जापान के प्रधानमंत्री भारत यात्रा पर

जापान के प्रधानमंत्री युकिओ हतोयामा तीन दिन की भारत यात्रा पर हैं. उनकी इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने के संबंध में चर्चा होने की उम्मीद है. जापान के प्रधानमंत्री ने सोमवार को भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ रात्रिभोज किया लेकिन उनकी औपचारिक भारत यात्रा मंगलवार से शुरू हो रही है.
जापान में भारत के राजदूत रह चुके आफ़ताब सेठ ने बीबीसी से बातचीत में कहा," हालाँकि जापान के साथ भारत का व्यापार चीन और अमरीका के तुलना में कम है, लेकिन दस साल पहले की तुलना में भारत और जापान के बीच के रिश्ते, हर क्षेत्र में बढे़ हैं, चाहे वो व्यापार का क्षेत्र हो या फिर रक्षा का."
व्यापार बढ़ने की उम्मीद
उम्मीद की जा रही है कि बातचीत के दौरान इसकी संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी कि दोनों देश असैन्य परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग कैसे कर सकते हैं. 1998 में जब भारत ने परमाणु परीक्षण किया था, तब जापान ने भारत पर पाबंदियां लगा दी थीं.
उसके बाद से ही दोनों देश लगातार इस दिशा में काम कर रहे हैं कि ये पाबंदियां हटाई जा सकें. दिल्ली पहुँचने से पहले हतोयामा मुंबई में थे जहाँ उन्होंने व्यापार जगत के विशिष्ट व्यक्तियों से मुलाक़ात की. इससे पहले पिछले साल भारत के प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह जापान कि यात्रा पर गए थे.












Click it and Unblock the Notifications