विकास दर 7 प्रतिशत रहने की उम्मीद

भारत के प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने कहा है कि चालू वित्तीय वर्ष में देश की आर्थिक विकास दर सात प्रतिशत या उससे अधिक रहने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में भारत में आर्थिक विकास की दर 8.5 प्रतिशत तक पहुंची है.
रविवार को उड़ीसा का राजधानी भुवनेश्वर में इंडियन इकॉनमिक एसोसिएशन के 92वें सत्र में हिस्सा लेते हुए प्रधानमंत्री ने ये बात कही.
सम्मेलन के उदघाटन के मौके पर मनमोहन सिंह ने कहा कि आर्थिक सुधार के चलते देश की तस्वीर बदली है और विकास दिखाई दे रहा है.उन्होंने कहा कि आर्थिक सुधार का नतीजा यह रहा है कि देश में गरीबी रेखा से नीचे रह रहे लोगों की तादाद में कमी आई है.
पर आर्थिक मामलों के इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री जलवायु परिवर्तन का मुद्दा उठाने से भी पीछे नहीं रहे. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन एक गंभीर मुद्दा है और विश्व समुदाय को चाहिए कि इस समस्या से निपटने की दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता खोजे.
सम्मेलन में पहुँचे राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि केंद्र सरकार को यह ध्यान देना होगा कि आर्थिक रूप से कमज़ोर और पिछड़े राज्यों को बढ़ावा दिया जाए और उनकी आर्थिक स्थिति को मज़बूत करने के लिए मदद दी जाए.












Click it and Unblock the Notifications