बर्फीले तूफान से वाशिंगटन में हाहाकार (लीड-1)
वाशिंगटन, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका के पूर्वी तट पर आए जबरदस्त बर्फीले तूफान से राष्ट्रीय राजधानी वाशिंगटन और उसके आसपास के इलाके बर्फ की मोटी चादर से ढंक गए हैं। चूंकि यह तूफान उत्तर की ओर बढ़ने लगा है, लिहाजा इस बात की संभावना बनी हुई है कि न्यूयार्क में भी बर्फ की 12 इंच मोटी परत जम सकती है।
वर्ष 1932 के बाद आए अब तक के इस सबसे भीषण बर्फीले तूफान की वजह से सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
अधिकारियों को मजबूरन राजधानी में सार्वजनिक वाहनों को निलंबित करना पड़ा है और उन्होंने आपात स्थिति की घोषणा कर दी है। अधिकारियों ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपने घरों में बने रहें।
सड़कों पर बर्फ की मोटी परत जमने की वजह से सैकड़ों वाहन चालक रास्ते में फंस गए हैं। सड़कों पर जगह-जगह वाहन फंसे हैं। मेट्रो ने अगली सूचना तक अपनी सभी भूमिगत रेल सेवाएं रोक दी हैं।
रीगन नेशनल एयरपोर्ट के सभी रनवे सुबह छह बजे से बंद कर दिए गए हैं तथा वहां तक आने वाली मेट्रो रेल लाइन को भी बर्फबारी की वजह से बंद कर दिया गया है। मेट्रोपोलिटन एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने अपनी वेबसाइट पर कहा है कि टर्मिनल खुला रहेगा।
वाशिंगटन डल्स अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तथा रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रिकॉर्ड बर्फबारी की खबर है। डल्स पर 13 इंच बर्फ जमी है। इसने 12 दिसंबर 1964 के 10.6 इंच के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
यहीं पर रीगन हवाई अड्डे पर कुल 13.3 इंच बफबारी दर्ज की गई है। यहां 17 दिसंबर, 1932 का 11.5 इंच का पुराना रिकॉर्ड टूट गया है।
कई जगह बिजली गुल हो गई है तथा क्रिसमस की खरीदारी के इच्छुक लोगों को मन मसोसकर घरों में ही रुकने के लिए विवश होना पड़ा है।
राष्ट्रीय मौसम सेवा ने डीसी क्षेत्र के लिए बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी की। रात भर बर्फबारी जारी रहने और कुछ इलाकों में दो फुट से ज्यादा बर्फ जमा होने के आसार व्यक्त किए हैं।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि वाशिंगटन में 15 से 18 फरवरी 2003 के बाद की सबसे भीषण बर्फबारी हो सकती है, जब पूरे क्षेत्र में 16 इंच से ज्यादा बर्फबारी हुई थी। यह 1932 के बाद का भी सबसे भीषण बर्फीला तूफान हो सकता है जब 12 इंच बर्फ गिरी थी।
समाचार चैनल सीएनएन ने खबर दी है कि मध्य-अटलांटिक क्षेत्र और घनी आबादी वाला अंतर्राज्यीय गलियारा बर्फीले तूफान की चपेट में है और 10 से 20 इंच बर्फबारी का अनुमान है। तूफान मैक्सिको की खाड़ी में प्रवेश होकर अटलांटिक महासागर पर स्थिर हो गया है।
टेनेसी और नार्थ कैरोलिना से दक्षिणी न्यू इंग्लैंड राज्यों तक इसका असर है। बाल्टीमोर, फिलाडेल्फिया और न्यूयार्क में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वर्जीनिया में जगह-जगह वाहन रुके हुए हैं।
वाशिंगटन के मेयर एड्रियन एम. फेंटी ने कहा है कि यह तूफान पिछले कई बरसों में सबसे भीषण हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications