ब्लॉग पर जायकेदार व्यंजनों का आनंद लें
नई दिल्ली, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। यदि आप इस बार नए साल की पार्टी में अपने खास दोस्तों के सामने एक से बढ़कर एक लजीज व्यंजन परोसना चाहते हैं तो इसमें कई ब्लॉग भी आपकी सहायता कर सकते हैं। दरअसल ऐसे कई ब्लॉग हैं जो खासतौर पर जायकेदार व्यंजनों को ही समर्पित हैं।
'चाइनिज वॉयस' नामक ब्लॉग पर आप चीन के व्यंजनों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस ब्लॉग पर शाकाहारी और मांसाहारी खाने और चाय के बारे में बताया गया है। यहां चाउमिन से लेकर मोमोस को चीनी तरीके से बनाने की विधि विस्तार से बताई गई है।
'स्वाद इंडिया' पर देशी व्यंजनों की लंबी सूची है, जिसकी सहायता से आप मनपसंद लजीज भोजन तैयार कर सकते हैं। यहां मटर की कचौरी से लेकर टमाटर और प्याज का उत्तपम बनाने की विधि विस्तार से बताई गई है। इस ब्लॉग में पारंपरिक भोज्य पदार्थो में नए प्रयोग करने की सलाह दी गई है, ताकि आप व्यंजन का आनंद अधिक से अधिक उठा सकें।
'सलाद' पर आप एक से बढ़कर एक स्वादिष्ट सलाद बनाने के बारे में जान सकते हैं। यहां सेब, टमाटर और नींबू की सहायता से लजीज सलाद बनाने की विधि का वर्णन है। ब्लॉग ने टिप्पणी की है, "टमाटर का सलाद और वह भी सेब व नींबू के साथ। यह काफी मजेदार होता है। इसे परोस कर आप अपने खास दोस्तों को खुश कर सकते हैं।"
'आनंद' में सूप बनाने की विधि बताई गई है, जिसका शीर्षक है- लजीज सूप कैसे बनाएं। इसमें बनाने की विधि तो बताई ही गई है साथ ही पाठकों से पूछा गया है कि वे भी इसके बारे में अपनी जानकारी दें ताकि एक से बढ़कर एक लजीज सलाद बनाए जा सकें।
'स्पाइसी आइस' एक ऐसा ब्लॉग है जो अलग-अलग जगहों के प्रसिद्ध व्यंजनों से लोगों को परिचित करा रहा है। इसमें लखनऊ के मशहूर टुंडे नवाब के बारे में बताया गया है। ब्लॉग ने टिप्पणी की है, "आपने टुंडे नवाब के कबाब कभी खाएं हैं? ओह, तो आपने अपने साथ बहुत नाइन्साफी करी भाई। लखनऊ के चौक की घुमावदार गलियों में से एक गली में मौजूद है टुंडे नवाब की यह 100 साल पुरानी दुकान। यहीं मिलेगा आपको लजीज कबाब।"
ऐसे में आपको अब देरी नहीं करनी चाहिए क्योंकि अलग-अलग जायके के बारे बताने के लिए ब्लॉग जगत आपका इंतजार कर रहा है, बस आपको उन ब्लॉगों को क्लिक करने की जरूरत है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications