तेलंगाना का विरोध कर रहे नेताओं का अनशन जारी
शनिवार को अनशन शिविर से हटाकर अस्पताल में भर्ती कराए गए विजयवाड़ा के सांसद राजगोपाल ने हैदराबाद के निजाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस भेजे जाने तक चिकित्सकों के साथ सहयोग करने से इंकार कर दिया।
दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस.राजशेखर रेड्डी के भाई और विधायक विवेकानंद रेड्डी ने कडप्पा के अस्पताल में अपना अनशन छठे दिन भी जारी रखा।
उन्होंने भी हैदराबाद के निजाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस भेजे जाने की मांग की जहां तेलंगाना की मांग को लेकर आमरण अनशन करने वाले के.चंद्रशेखर राव भर्ती थे।
राज्य मानवाधिकार आयोग ने शनिवार को राज्य सरकार को राजगोपाल की निजाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में भर्ती कराए जाने की मांग पर ध्यान देने को कहा। परंतु कानून और व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने के भय से सरकार ने किसी भी तेलंगाना विरोधी नेता को हैदराबाद नहीं भेजने का फैसला किया है।
राजगोपाल और विवेकानंद दोनों को अनशन के प्रयास में पिछले सप्ताह हैदराबाद में गिरफ्तार करने के बाद उनके गृह जिलों में भेजा गया था।
राज्य के मुख्य विपक्षी दल तेलुगू देशम के चार विधायक भी अनंतपुर और विजयवाड़ा में अनशन कर रहे हैं।
न्यायालय के आदेश से चिकित्सक पुलिस की सहायता से अनशन कर रहे नेताओं को बलपूर्वक तरल पदार्थ दे रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications