फ्रांसीसी नर्तक देंगे 'वेस्टलैंड' प्रस्तुति
मधुश्री चटर्जी
नई दिल्ली, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। फ्रांसीसी नर्तक मॉराड मिरजोकी इस समय भारत में हैं। वह अपनी नई नृत्यकला 'वेस्टलैंड' की प्रस्तुति के लिए यहां आए हैं। इस प्रस्तुति में फ्लेमिन्को संगीत (एक विशेष प्रकार का संगीत) और कई नृत्य शैलियों का समायोजन होगा।
मिरजोकी फ्रांस की एक प्रमुख हिप-होप डांस (एक विशेष प्रकार का अमेरिकी नृत्य) एवं थियेटर कंपनी 'कॉम्पेग्निी कैफिग' के अध्यक्ष हैं। वह राजधानी के सीरी फोर्ट ऑडिटोरियम में अपनी प्रस्तुति देंगे। फ्रांसीसी दूतावास ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया है।
मिरजोकी ने आईएएनएस से कहा, "वेस्टलैंड 1961 की हॉलीवुड फिल्म 'वेस्ट साइड स्टोरी' से प्रेरित है, जो न्यूयॉर्क शहर के दो विरोधी गिरोहों के दो युवाओं के प्रेम को बयां करती है। मैं जब बच्चा था तब मैंने इसे देखा था और हमेशा से ऐसा ही कुछ करना चाहता था।"
मिरजोकी ने कहा, "मेरा शो दो विरोधी गिरोहों की कहानी कहता है। जिसमें एक बहुत बूढ़ी औरत और एक खूबसूरत लड़की है, ये दोनों वेस्टलैंड में नहीं रहना चाहती हैं। वे दोनों गिरोहों के बीच शांति स्थापित करती हैं।"
इस प्रस्तुति में नौ नर्तक होंगे। जिनमें दो लड़कियां और छह लड़के होंगे व एक सर्कस का व्यक्ति होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications