गोवा को बदनाम करने की कोशिशों के खिलाफ लड़ें : कामत
गोवा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर परेड समारोह के दौरान कामत ने पर्यटकों से कहा कि एक पर्यटन स्थल के रूप में गोवा पर वे पूरा भरोसा करें।
गोवा पर पहले पुर्तगाली शासन था। 19 दिसम्बर 1961 को गोवा को स्वतंत्रता मिली थी। इस यादगार दिवस पर आयोजित समारोह में कामत ने कहा, "इस तरह के केवल कुछ ही मामले रहे हैं। पर्यटकों का गोवा में पूरा विश्वास है।"
राज्य में हाल के समय में कई ऐसी घटनाएं हुई हैं, जिन्होंने न केवल राज्य पुलिस के कामकाज को उजागर किया है बल्कि राज्य में महिलाओं और पर्यटकों की सुरक्षा पर भी प्रश्नचिन्ह लगा दिया है।
गोवा में कथित तौर पर तीन पुलिस वालों द्वारा पुलिस नियंत्रण कक्ष की वैन में एक महिला के साथ छेड़छाड़, पुलिस अधिकारियों का जुएघर में पार्टी करना, अमेरिका में बसे आतंकवादी सरगना डेविड हेडली का गोवा आना और अंत में एक स्थानीय राजनेता द्वारा कथित तौर पर रूस की एक 25 वर्षीय महिला का बलात्कार कुछ ऐसे मामले हैं जो गोवा को बदनाम करने के लिए काफी हैं।
गोवा में दिसम्बर में सबसे अधिक पर्यटक आते हैं। पर्यटन उद्योग के लोग पहले ही कह चुके हैं कि इस बदनामी और गोवा में आतंकवादी हमले की संभावना व वैश्विक मंदी के चलते यहां पर्यटकों की संख्या पर विपरीत असर पड़ सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications