कसाब के दावे को अमेरिका ने खारिज किया
शिकागो, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। मुंबई आतंकी हमले में जीवित पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी मोहम्मद अजमल आमिर कसाब के उस दावे को अमेरिका ने खारिज कर दिया है, जिसमें उसने कहा था कि गिरफ्तार संदिग्ध आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली ने उससे जेल में पूछताछ की थी।
वैसे कसाब के बयान पर संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई), अटर्नी कार्यालय या हेडली के वकील जॉन थेइस की ओर आधिकारिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
शुक्रवार को मुंबई हमले की सुनवाई कर रही एक विशेष अदालत में कसाब ने कहा था कि जेल में उससे पूछताछ करने चार विदेशी आए थे, जिनमें एक हेडली भी था। अमेरिकी अधिकारी कसाब के इस बयान से आश्चर्यचकित हैं, आखिर वह हेडली को कैसे जानता है।
हेडली और एक अन्य संदिग्ध आतंकवादी तहव्वुर हुसैन राणा को भारत पर आतंकी हमले की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हेडली और राणा से जुड़े मामलों की जांच कर रहे अधिकारियों का कहना है कि कसाब के बयान का जांच पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
सूत्रों के अनुसार एफबीआई या कोई अन्य अमेरिकी एजेंसी ऐसे मामलों में आधिकारिक तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देती है। शिकागो स्थित एफबीआई कार्यालय के सार्वजनिक मामलों से संबंधित विभाग के एक अधिकारी ने इस संबंध में प्रतिक्रिया देने से इंकार कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications