हेडली के मामले पर बहस तेज़

मुंबई हमलों के मामले से कथित रूप से जुड़े अमरीकी नागरिक डेविड हेडली को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव बढ़ता नज़र आ रहा है. गुरुवार को विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि हेडली मामले में अमरीकी खुफिया एजेंसी एफ़बीआई का रुख सकारात्मक है और भारत को उनसे सहयोग की उम्मीद है.
लेकिन केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए समाजवादी पार्टी के नेता अमर सिंह ने गुरुवार को राज्यसभा में सवाल उठाया कि भारत सरकार अमरीका से इस मामले में और सहयोग करने के लिए कहे और हेडली मामले पर केंद्र सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों पर स्थिति स्पष्ट करे.
राणा की ज़मानत अर्ज़ी ख़ारिज
उन्होंने कहा कि अमरीका ने मीडिया में हेडली की बात सामने आने तक भारत से इस जानकारी को क्यों छिपाकर रखा. क्या वजह है कि अमरीकी एजेंसी के लोग मुंबई की जेल में बंद अजमल कसाब से पूछताछ करने की अनुमति आसानी से पा जाते हैं लेकिन हेडली से पूछताछ करने गए भारतीय अधिकारियों को खाली हाथ वापस आना पड़ता है.
उन्होंने कहा कि मुंबई मामले की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार को हेडली को भारत लाने और पूछताछ करने के प्रयास और गंभीरता से करने चाहिए. पिछले दिनों डेविड हेडली और तहव्वुर हुसैन राणा का नाम मुंबई हमलों की साजिश से जुड़े होने की बात सामने आई थी. इसके बाद से इन लोगों को भारत लाने और पूछताछ करने की कोशिश की जा रही है. हालांकि इनके वकीलों का कहना है कि इन दोनों पर लगाए गए आरोप ग़लत हैं.
सीआईए से संबंध नहीं
उधर गुरुवार को यह भी स्पष्ट किया गया है कि हेडली के भारत आने से संबंधित दस्तावेज़ों के अमरीका स्थिति भारतीय उच्चायोग से ग़ायब होने की ख़बर ग़लत हैं. बुधवार को ऐसी ख़बरें आई थीं कि भारतीय उच्चायोग से हेडली के वीज़ा संबंधी दस्तावेज़ों की फाइल ग़ायब हो गई है. इसे लेकर कुछ विपक्षी दलों की ओर से रोष व्यक्त किया गया था और कहा गया था कि इस मामले की जाँच की जानी चाहिए.
इस बीच समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में सीआईए के प्रवक्ता मैरी हार्फ़ ने कहा है कि हेडली के सीआईए से किसी भी तरह के ताल्लुक होने की बात सरासर ग़लत है. यह पूछे जाने पर कि क्या हेडली का किसी तरह का संबंध सीआईए के साथ है, उन्होंने कहा कि फिलहाल जाँच की जो प्रक्रिया चल रही है, उसपर वो कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते लेकिन जहाँ तक हेडली का सीआईए से किसी तरह के ताल्लुक का सवाल है, यह बात पूरी तरह से ग़लत है.












Click it and Unblock the Notifications