अल्जाइमर की मरीज थीं अगाथा क्रिस्टी
टोरंटो, 17 दिसम्बर (आईएएनएस)। विश्व प्रसिद्ध जासूसी उपन्यासकार अगाथा क्रिस्टी अपनी जिंदगी के अंतिम दिनों में दिमागी बीमारी की चपेट में आ गई थीं? टोरंटो विश्वविद्यालय के दो प्रोफेसरों ने अगाथा की लेखन शैली में आए बदलाव का विश्लेषण कर यह निष्कर्ष निकाला है कि यह मशहूर लेखिका अल्जाइमर की शिकार हो गई थी।
उल्लेखनीय है कि दुनिया के कई शीर्ष उपन्यासकार अगाथा के अपनी जिंदगी के अंतिम दिनों में दिमागी बीमारी की जद में आने की शंका जाहिर करते रहे हैं, पर पहली बार गहन शोध के आधार पर इसकी पुष्टि की गई है।
अगाथा पर इन दोनों के शोध को खूब सराहा जा रहा है और इस शोध के कारण उन्हें 'न्यूयार्क टाइम्स' के नौवें 'एनुअल ईयर इन आयडियाज' कार्यक्रम में शीर्ष स्थान दिया गया है। अंग्रेजी के प्रोफेसर ईयान लंकाशायर एवं कंप्यूटर विज्ञानी ग्रेइम हर्स्ट ने यह साबित करने के लिए मानविकी एवं विज्ञान का सहारा लिया है।
इस शोध के तहत दोनों प्रोफेसरों ने अगाथा के 14 उपन्यासों को डिजिटल रूप देकर उनका विश्लेषण किया। उन्होंने इन उपन्यासों में इस्तेमाल शब्दों के आकार एवं उनकी गूढ़ता, बार-बार इस्तेमाल होने वाले वाक्यांशों व मुहावरों एवं अनिश्चयवाचक शब्दों के बढ़ते प्रयोग को आधार बनाकर यह निष्कर्ष निकाला है।
जब कोई लेखक अनिश्चयवाचक शब्दों का बहुत ज्यादा इस्तेमाल करता है तो इसे इस बीमारी के संकेत के तौर पर देखा जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications