विपक्ष ने हेडली के मामले पर प्रधानमंत्री से स्पष्टीकरण मांगा
नई दिल्ली, 17 दिसम्बर (आईएएनएस)। राज्यसभा में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी(भाजपा)और वामदलों के सदस्यों ने अमेरिका में गिरफ्तार रिचर्ड कोलमैन हेडली की मुंबई के 26/11 के आतंकी हमलों में कथित संलिप्तता की जानकारी देने के संबंध में ओबामा प्रशासन की ओर से दिए जा रहे सहयोग पर प्रधानमंत्री से स्पष्टीकरण मांगा।
सभापति हामिद अंसारी ने कहा, "मुझे पक्का यकीन है कि सरकार सही वक्त आने पर जवाब देगी।" इस पर सदन में मौजूद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने हौले से सिर हिलाया।
सदन में इस मसले को दूसरी बार उठाते हुए मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की सदस्य वृंदा करात ने कहा, "यह मसला भारत के सभी नागरिकों से जुड़ा है। मैं प्रधानमंत्री से अनुरोध करती हूं कि वह इस बारे स्पष्टीकरण दें कि इस मसले को अमेरिका के समक्ष उठाने के लिए हम क्या कदम उठाने जा रहे हैं।"
करात ने इससे पहले यह मसला मंगलवार को भी उठाया था। सदन की बैठक शुरू होते ही विपक्ष के नेता भाजपा के अरुण जेटली ने यह मसला उठाया। उन्होंने हेडली प्रकरण पर सरकार से जवाब मांगा।
उन्होंने यह भी जानना चाहा कि क्या इस मामले पर विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय में मतभेद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications