तेलंगाना पर हंगामा, लोकसभा की कार्यवाही बाधित
प्रश्नकाल शुरू होते ही हाथों में तख्तियां थामे तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के सांसद अध्यक्ष के आसन की ओर बढ़ गए। इन तख्तियों पर 'हम एकीकृत आंध्र प्रदेश के हक में हैं' लिखा था। उन्होंने राज्य के बंटवारे के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने भी राज्य के बंटवारे के खिलाफ विरोध प्रकट किया लेकिन वे अपनी सीट से नहीं हटे। तेलंगाना क्षेद्ध से पार्टी के सांसद जगन्नाथ हालांकि 'जय तेलंगाना' की तख्ती थामे अध्यक्ष के आसन के समीप खड़े थे।
अध्यक्ष ने बार-बार आश्वासन दिया कि उन्हें इस मसले को शून्यकाल में उठाने का मौका दिया जाएगा, लेकिन इतने पर भी सांसद शांत नहीं हुए। मीरा कुमार ने शोरगुल के बीच कहा, "तख्तियां मत दिखाइये। कृपया सदन में ये सब शुरू मत कीजिए।"
उन्होंने सांसदों से सदन में व्यवस्था बने रहने और प्रश्नकाल चलने देने का अनुरोध किया। उन्होंने बार-बार कहा, "इस सदन की कुछ मर्यादा है। यह मर्यादा का उल्लंघन है। कृपया मर्यादा बनाए रखिए।"
बाद में उन्होंने सदन की कार्यवाही 11.30 तब स्थगित कर दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications