घर को बनाया प्राचीन वस्तुओं का संग्रहालय
लखनऊ, 17 दिसंबर(आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी जी.आर.खान का घर किसी भव्य संग्रहालय से कम नहीं है। यहां 150 साल पुराने हुक्के, 19वीं सदी की निíमत घड़ियां, 1929 मॉडल की फोर्ड कार और मुगलकालीन सोने और चांदी के सिक्के देखे जा सकते हैं।
मुजफ्फरनगर के शामली कस्बे के 58 वर्षीय खान ने अपने इस घर को संग्रहालय का रूप दे दिया है। यह संग्रहालय स्थानीय लोगों के आकर्षण का केंद्र है। स्थानीय लोग खान को प्यार से 'छोटे नवाब' कहकर पुकारते हैं।
खान ने आईएएनएस को बताया कि यहां हर समय लोगों को आना-जाना लगा रहता है, जो बड़ी उत्सुकता से यहां आकर पुरानी चीजों को देखने का लुत्फ उठाते हैं।
उनके संग्रहालय में प्राचीन वस्तुओं की सूची बहुत लंबी है। उनमें से अमेरिका में निर्मित पिछली सदी की घड़ियां, 200 साल पुराना इटली में बना किचन स्टोव, 100 साल पुरानी टहलने वाली छड़ी, चांदी की तश्तरियां और 150 साल पुराना तांबे का घड़ा शामिल हैं। खान के पास मुगल शासक अकबर, हुमांयू, औरंगजेब, शाहजहां, शेरशाह सूरी, मुहम्मद तुगलक, और अलाउद्दीन खिलजी जैसे 28 शासकों के शासनकाल के चांदी और सोने के 3,000 सिक्के हैं।
यह पूछे जाने पर कि उस दौर की ये प्राचीन वस्तुएं कहां से मिल गइर्ं तो खान ने कहा कि इसका श्रेय उनके पिता दादा, और पूर्वजों को जाता है जिन्होंने बहुत छोटी-छोटी चीजों को भी संजोकर रखा था। भारत के अलावा दूसरे देशों मसलन अमेरिका, नीदरलैंड, इटली और खाड़ी देशों में भी खान के पूर्वजों के रिश्तेदार रहते थे, जो अपने साथ वहां से प्राचीन वस्तुएं लाते थे। उनकी दी हुई वस्तुओं को खान ने अभी तक संभाल कर रखा है।
खान के पड़ोसी अविनाश मिश्रा कहते हैं, "जब भी हमें खाली समय मिलता है तो हम यहां आ जाते हैं। यहां आने पर हमें महसूस होता है कि हम किसी संग्रहालय की सैर करने आए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications