अमेरिकी सदन ने 636 अरब डॉलर के रक्षा बजट पर मुहर लगाई
वाशिंगटन, 17 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स ने वित्त वर्ष 2010 के लिए 636 अरब डॉलर के रक्षा बजट पर सहमति की मुहर लगा दी है।
इस भारी-भरकम रक्षा बजट में इराक एवं अफगानिस्तान में जारी जंग के लिए भारी कोष आवंटित किया गया है। बजट में इराक में जारी संघर्ष के लिए 128.3 अरब डालर का बजटीय आवंटन किया गया है, जबकि अफगानिस्तान में आतंकवाद के खिलाफ जारी सैन्य अभियान के लिए 65 अरब डालर का बजटीय प्रावधान किया गया है।
अफगानिस्तान में आतंकी संगठन तालिबान के उभार को अमेरिका प्रमुख चुनौती मान रहा है, इसलिए निकट भविष्य में बजटीय आवंटन में और इजाफे की संभावना है।
माना जा रहा है कि ह्वाइट हाउस नए साल में अफगानिस्तान में अतिरिक्त 30,000 सैनिकों की तैनाती के खर्च के एवज में संसद से अतिरिक्त 30 अरब डॉलर के बजटीय आवंटन पर मुहर लगाने का आग्रह कर सकता है।
रक्षा बजट के पक्ष में कुल 395 मत पड़े, जबकि इसके विरोध में 34 मत पड़े। अब इस पर सीनेट की मंजूरी हासिल की जाएगी। क्रिसमस से पहले दोनों सदनों के बीच इस बजटीय आवंटन पर सहमति बनने की संभावना है। इसके अलावा सदन ने ऋण की उच्चतम सीमा में 290 अरब डॉलर का इजाफा कर इसे 123.94 खरब डॉलर करने के अमेरिकी सरकार के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications