तेलंगाना के विरोध में चिरंजीवी का विधानसभा से इस्तीफा
चिरंजीवी ने संवादाताओं से कहा कि आंध्र प्रदेश की बहुसंख्यक जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्होंने पृथक तेलंगाना मसले पर अपना रुख बदला है।
उन्होंने कहा, "इस बदले हुए फैसले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मैं त्यागपत्र दे रहा हूं।" बाद उन्होंने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष किरन कुमार रेड्डी को सौंप दिया।
चिरंजीवी रायलसीमा क्षेत्र की तिरुपति विधानसभा सीट से निर्वाचित हुए थे। पीआरपी के गठन के बाद से वह पृथक तेलंगाना राज्य के गठन का समर्थन कर रहे थे।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि केंद्र सरकार द्वारा पृथक तेलंगाना की मांग स्वीकार कर लिए जाने के विरोध आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और रायलयीमा क्षेत्रों में हो रहे प्रदर्शन की वजह से चिरंजीवी ने अपना रुख बदला है।
पृथक तेलंगाना के विरोध में प्रजा राज्यम के 18 में से 14 विधायकों ने पहले ही विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। तेलंगाना से पार्टी के दो विधायक हैं।
राज्य में गहराए राजनीतिक संकट के लिए चिरंजीवी ने कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सभी पार्टियों से विचार किए बिना और अन्य क्षेत्रों के लोगों की भावनाओं को जाने बिना यह 'एकपक्षीय' फैसला लिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications