बांग्लादेश-भारत के बीच 11 जनवरी को हो सकती है शिखर वार्ता
ढाका, 17 दिसम्बर (आईएएनएस)। आगामी 11 जनवरी को बांग्लादेशी और भारतीय प्रधानमंत्रियों की दिल्ली में मुलाकात की संभावना व्यक्त की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मुलाकात के दौरान पांच समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे और कई द्विपक्षीय व क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री शेख हसीना और मनमोहन सिंह की शनिवार को मुलाकात होने वाली थी, लेकिन दोनों प्रधानमंत्रियों के कोपेनहेगन में आयोजित जलवायु सम्मेलन में व्यस्त होने की वजह से हसीना की प्रस्तावित पहली भारत यात्रा स्थगित हो गई थी।
समाचार पत्र 'द डेली स्टार' के गुरुवार को प्रकाशित अंक के मुताबिक 11 जनवरी को दिल्ली के हैदराबाद हाउस में दोनों प्रधानमंत्रियों की मुलाकात होने से पहले बांग्लादेश और भारत के विदेश मंत्रालय के अधिकारी कई मुद्दों को सुलझाने के लिए काम कर रहे हैं।
हसीना अपने पिता शेख मुजीबुर रहमान के 10 जनवरी, 1972 को एक पाकिस्तानी जेल से रिहा होकर घर आने के यादगार दिन की वर्षगांठ में हिस्सा लेने के बाद 10 जनवरी की शाम दिल्ली पहुंच सकती हैं।
प्रधानमंत्री शेख हसीना के 21 दिसम्बर को कोपेनहेगन से लौटने के बाद उनकी भारत यात्रा की तारीख की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
बांग्लादेशी अधिकारियों के मुताबिक दोनों की मुलाकात में सुरक्षा का मुद्दा छाया रहेगा और दोनों देशों ने अब तक सुरक्षा से संबंधित तीन समझौतों के लिए बातचीत करना तय किया है।
इन तीन द्विपक्षीय समझौतों में पहला है आपराधिक मामलों में परस्पर कानूनी सहायता, प्रत्यर्पण संधि पर समझौता, दूसरा जिन लोगों को सजा सुनाई जा चुकी है उनके हस्तांतरण पर समझौता और तीसरा अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद, संगठित अपराध व अवैध मादक पदार्थो की तस्करी का मुकाबला करने सबंधी समझौता है।
हसीना के संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी और विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी से भी मुलाकात करने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications