मुंबई हमले के संदिग्ध राणा की जमानत नामंजूर (लीड-2)
संघीय न्यायाधीश नेन आर. नोलन ने मंगलवार को राणा की जमानत याचिका खारिज करने से पहले उसकी 16 लाख डॉलर की संपत्ति, अंतर्राष्ट्रीय व्यापारिक संबंधों और कनाडा की नागरिकता का उल्लेख किया।
नोलन ने कहा कि राणा के पास अंतर्राष्ट्रीय यात्राओं के साधन और जानकारी है। उसके पास पर्याप्त आर्थिक क्षमता और अंतर्राष्ट्रीय संबंध हैं। रिहाई के बाद देश में उसके बने रहने की कोई गारंटी नहीं है।
नोलन ने यह नहीं बताया कि राणा सुरक्षा के लिए खतरा है या नहीं लेकिन कहा कि उसकी जमानत नामंजूर करने के लिए पर्याप्त कारण हैं। सरकार को उसके फरार होने का अंदेशा है।
राणा को मुंबई हमले का औपचारिक आरोपी नहीं बनाया गया है लेकिन उस पर मुबंई हमले के आरोपी डेविड कोलमैन हेडली की मदद करने का आरोप है।
संघीय अभियोजकों ने सोमवार को अदालत को बताया था कि राणा को मुंबई हमले के बारे में पहले से जानकारी थी और उसने हत्यारों को बधाई दी थी। लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) पर हमले को अंजाम देने का आरोप है।
अभियोजकों ने सोमवार को इस बात का भी खुलासा किया कि हेडली और राणा ने भारत में अन्य संभावित लक्ष्यों पर भी चर्चा की थी। दोनों के बीच जिन संभावित लक्ष्यों पर चर्चा हुई थी, उनमें बॉलीवुड सितारे, गुजरात में सोमनाथ मंदिर, दिल्ली में राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय और शिव सेना के नेता शामिल हैं।
राणा के वकीलों ने उसे एक स्थानीय व्यापारी और अहिंसा में विश्वास करने वाला व्यक्ति साबित करने के लिए तीन गवाहों को पेश किया था। वकीलों ने कहा कि राणा अपने सह अभियुक्त हेडली द्वारा फंसाया गया है।
न्यायाधीश नोलन ने हालांकि कहा, "बचाव पक्ष की यह दलील कि सबूत यह साबित कर देगा कि राणा को फंसाया गया है, अब तक सामने आए सबूत की ईमानदार व्याख्या नहीं है।"
चिकित्सक की शिक्षा प्राप्त राणा पाकिस्तान के हसन अब्देल सैनिक स्कूल में हेडली के साथ पढ़ता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications