आंध्र प्रदेश में राजनीतिक गतिरोध बरकरार
पृथक तेलंगाना राज्य के गठन की प्रक्रिया शुरू करने के केंद्र सरकार के निर्णय के खिलाफ आंध्र और रायलसीमा क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन लगातार चौथे दिन भी जारी रहे। इस बीच मुख्यमंत्री के.रोसैया और कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने गतिरोध दूर करने के लिए अपने प्रयास तेज कर दिए हैं।
रोसैया सरकार के लिए राहत की बात यह रही है कि आंध्र और रायलसीमा क्षेत्र के मंत्रियों ने सोमवार को फैसला किया कि वे इस्तीफा नहीं देंगे।
नगरीय प्रशासन मंत्री अनम रामनारायण रेड्डी ने संवाददाताओं को बताया कि मुख्यमंत्री ने दोनों क्षेत्रों के सभी 20 मंत्रियों को इस बात से अवगत करा दिया है कि वह उनके इस्तीफे स्वीकार नहीं करेंगे।
इन मंत्रियों ने रविवार को एक बैठक की थी और मुख्यमंत्री के अनुरोध पर वे अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने को सहमत हुए थे।
विधानसभा अघ्यक्ष किरणकुमार रेड्डी द्वारा सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिए जाने के बाद तेलंगाना क्षेत्र के विधायकों और मंत्रियों ने अपनी भावी रणनीति तय करने के लिए बैठकें शुरू कर दी हैं।
ज्ञात हो कि तेलंगाना के मंत्रियों ने रविवार की रात बैठक के बाद घोषणा की थी कि वे इस्तीफा नहीं देंगे, क्योंकि पृथक तेलंगाना का निर्णय उनके पक्ष में आया है। यही नहीं उन्होंने अन्य क्षेत्रों के अपने साथी मंत्रियों को भी सलाह दी कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्णय का सम्मान करते हुए उन्हें इस्तीफे नहीं देने चाहिए।
ज्ञात हो कि पृथक तेलंगाना के गठन की प्रक्रिया शुरू किए जाने के निर्णय के विरोधस्वरूप 138 विधायकों ने पिछले तीन दिनों के दौरान अपने इस्तीफे विधानसभा अघ्यक्ष को सौंप दिए हैं। इनमें से 80 विधायक कांग्रेस के हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications