'सुरक्षा नियम नहीं मान रहे राहुल'

रामदत्त त्रिपाठी
बीबीसी संवाददाता, लखनऊ
उत्तर प्रदेश की मायावती सरकार ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने दौरे में सुरक्षा निमयों का पालन नहीं कर रहे हैं.
सरकार ने कहा है कि अगर कोई अनहोनी होती है तो ज़िम्मेदारी उसकी नहीं होगी.
राज्य के मुख्य सूचना सचिव विजय शंकर पांडेय ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि राहुल गांधी बिना किसी पूर्व सूचना के ही उत्तर प्रदेश में यात्रा करते हैं.
मंत्रालय की चेतावनी
उन्होंने कहा कि कई बार राहुल गांधी अंतिम क्षणों में अपना पूर्व निर्धारित मार्ग भी बदल देते हैं.
पांडेय ने कहा कि सोमवार को राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर सीतापुर में सूर्यास्त के बाद काफ़ी ख़राब रोशनी में उतरा और राहुल ने उन्हें उपलब्ध कराई गई बुलेटप्रूफ़ कार का भी इस्तेमाल नहीं किया.
पांडेय ने बताया कि इस मामले की पूरी जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय को एक पत्र के ज़रिए दे दी गई है.
राज्य सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से राहुल गांधी की यात्रा से संबंधित सभी सूचनाएँ समय रहते उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है.
उत्तर प्रदेश सरकार ने गृह मंत्रालय को चेतावनी दी है कि अगर वह ऐसा नहीं कर पाता है तो राहुल गांधी की यात्रा के दौरान होने वाली किसी भी सुरक्षा चूक की ज़िम्मेदारी उसकी होगी.
जानकारों का मानना है कि राज्य की मुख्यमंत्री मायावती राहुल गांधी के उत्तर प्रदेश दौरों और राज्य में कांग्रेस को मज़बूत करने के उनके प्रयासों को पसंद नहीं करती हैं.
राहुल का इनकार
अपनी यात्रा के दौरान राहुल गांधी गांवों में जाते हैं और ग़रीबों और दलितों से मिलते हैं.
उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री मायावती ने विकास कार्यों पर ध्यान नहीं दिया और जनता के पैसों को स्मारकों और मूर्तियों पर खर्च कर रही हैं.
राहुल गांधी आजकल उत्तर प्रदेश में युवाओं को कांग्रेस से जोड़ने के लिए एक बड़ा अभियान चला रहे हैं.
राहुल गांधी ने सुरक्षा मानकों का पालन न करने और अपने पायलट पर अंधेरे में हेलीकॉप्टर उतारने का दबाव डालने से इनकार किया है.












Click it and Unblock the Notifications