करजई ने अंतर्राष्ट्रीय सहयोगियों से संयम की अपील की
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक सीएनएन को दिए साक्षात्कार में करजई ने रविवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अगले दो वर्षो में अफगानिस्तान सुरक्षा जिम्मेदारी संभालना आरंभ कर देगा।
बीते मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अफगानिस्तान में 30,000 और सैनिकों की तैनाती का ऐलान किया था। उन्होंने जुलाई, 2011 तक अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना को हटाने का क्रम आरंभ करने का लक्ष्य भी रखा था।
करजई ने कहा, "हम जल्द से जल्द सर्वश्रेष्ठ करने का प्रयास करेंगे। परंतु अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को हमारे साथ संयम रखना चाहिए और अफगानिस्तान की वास्तविकताओं को समझना चाहिए। अगर इसमें लंबा समय लगता है तो उन्हें हमारे साथ अवश्य बने रहना चाहिए।"
पिछले महीने दोबारा राष्ट्रपति निर्वाचित हुए करजई ने आशा जताई कि अफगान सुरक्षा बल अगले पांच वर्षो में राष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा जिम्मेदारियों को संभाल लेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications