मोदी ने बदली वेशभूषा
कच्छ का रण (गुजरात), 7 दिसम्बर (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी जहां अपने राज्य का चेहरा बदलने में जुटे हैं वहीं वह खुद के पहनावे पर भी विशेष ध्यान दे रहे हैं।
हाल ही में उत्तरी गुजरात के सांस्कृतिक उत्सव 'रणोत्सव' में मोदी अलग अंदाज में नजर आए। वह अलग ढंग के पहनावे में दिखे। उन्होंने खादी के कुर्ते और पतलून के स्थान पर डिजाइनर डेनिम और बंद गले का स्वेटर पहन रखा था।
कच्छ के रण में मोदी डेनिम वस्त्र और डिजाइनर चप्पल में नजर आए। उनके इस नए रूप को कैमरे में कैद करने के लिए वहां कैमरामैन की भीड़ जमा थी।
कच्छ के रण में खड़े मोदी ने कहा कि नमक यह रेगिस्तान अद्भुत है। उन्होंने कहा कि चांद की रोशनी में इस जगह को निहारने का सुख अलग होता है। मुख्यमंत्री ने कहा, "इच्छा के बावजूद हर कोई यहां नहीं आ सकता।"
जब मोदी से पूछा गया कि आप बदल गए हैं और अच्छे दिख रहे हैं, तो उन्होंने कहा, "यहां हमेशा विदेश से गणमान्य लोग पहुंचते हैं। गुजरात आगे बढ़ने वाला राज्य है।"
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले टेलीविजन चैनलों पर मोदी डिजाइनर हैट में नजर आए थे। वह इन दिनों अपने परिधानों को लेकर खूब प्रयोग कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications