भारत-रूस रिश्ते की कीमत पर दूसरा रिश्ता मंजूर नहीं : प्रधानमंत्री
मास्को, 7 दिसम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री डा.मनमोहन सिंह ने कहा है भारत और रूस का रिश्ता बेहद महत्वपूर्ण है और इस रिश्ते की कीमत पर अन्य देशों के साथ रिश्ता मंजूर नहीं।
रूसी राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव के साथ मुलाकात के बाद अपनी टिप्पणी में प्रधानमंत्री ने कहा, "किसी भी तीसरे देश के साथ हमारा रिश्ता रूस-भारत रिश्ते की कीमत पर कायम नहीं होगा। रूस भारत का विश्वसनीय मित्र रहा है और भारत इस रिश्ते को उच्च प्राथमिकता देता है।" उन्होंने कहा कि भारत-रूस रिश्ता आर्थिक सुधार, आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रीय एवं वैश्विक मसलों के लिहाज से प्रभावशाली असर छोड़ने की क्षमता रखता है।
इस मौके पर मेदवेदेव ने कहा कि द्विपक्षीय रिश्ता लगातार प्रगाढ़ होता जा रहा है और इसका व्यापार पर गहरा असर पड़ा है। इस साल द्विपक्षीय व्यापार में 8 फीसदी का इजाफा होना इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा, "रिश्ते के मोर्चे पर हम अच्छा काम कर रहे हैं।"
प्रधानमंत्री ने विस्तारित असैन्य परमाणु समझौते एवं तीन रक्षा समझौतों पर हस्ताक्षर के लिए रूसी नेता के साथ आज मुलाकात की। यह समझौता भारत को इस्तेमाल हो चुके रूसी परमाणु ईंधन के पुन:प्रसंस्करण की छूट देगा।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक भारत को ऐसी छूट दिया जाना यह साबित करता है कि इस समझौते का दायरा भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते के दायरे से भी व्यापक है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications