पंजाब बंद का मिलाजुला असर, लुधियाना में कर्फ्यू जारी (लीड-1)
चंडीगढ़, 7 दिसम्बर (आईएएनएस)। लुधियाना में शनिवार की हिंसा के विरोध में सिख संगठनों द्वारा सोमवार को आयोजित पंजाब बंद का राज्य में मिलाजुला असर रहा।
पूरे राज्य में दुकानें बंद रहीं और शिक्षा संस्थाओं में उपस्थिति बहुत कम रही। राजमार्गो और शहरों में यातायात सामान्य रहा। अमृतसर-लुधियाना-अंबाला रेलमार्ग पर रेल सेवाएं दोपहर तक सामान्य रहीं।
पूरे राज्य खासकर लुधियाना में सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क रहे। लुधियाना में सोमवार को तीसरे दिन भी कर्फ्यू जारी रहा।
दमदमी टकसाल और संत समाज सहित सिख संगठनों ने सोमवार को पंजाब बंद का आह्वान किया था। लुधियाना में शुक्रवार और शनिवार की हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हुई थी।
बंद के आह्वान और लुधियाना में कर्फ्यू के कारण पंजाब विश्वविद्यालय ने सोमवार को लुधियाना, होशियारपुर और चंडीगढ़ के केंद्रों पर परीक्षा स्थगित कर दी।
स्थानीय अधिकारियों ने लुधियाना में पंजाब कृषि विश्वविद्यालय सहित अन्य सभी शिक्षण संस्थाओं को बंद करने का आदेश दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications