सर्वोच्च वरीय टेस्ट टीम बनने पर टीम इंडिया को लोकसभा की बधाई
सदन का कामकाज शुरू करने से पहले अध्यक्ष मीरा कुमार ने कहा, "भारतीय क्रिकेट टीम ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की टेस्ट टीमों के वरीयता क्रम में पहला स्थान बनाकर महान उपलब्धि हासिल की है। महेंद्र सिंह धौनी की कप्तानी में खेलते हुए इस टीम ने जबरदस्त इच्छाशक्ति का परिचय देकर देशवासियों का दिल जीतने वाला काम किया है। देश पूरी टीम के साथ-साथ वीरेंद्र सहवाग के प्रदर्शन से बेहद प्रसन्न है।"
कप्तान धौनी के नाम रविवार को एक अनूठा कीर्तिमान दर्ज हुआ। धौनी 132 वर्ष के टेस्ट इतिहास में दूसरे ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने बतौर कप्तान अपने शुरुआती 10 मैचों में एक भी मैच नहीं गंवाया है।
धौनी ने अब तक 10 मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की है। उन्होंने सात जीत दर्ज की है जबकि तीन मैच बराबरी पर छूटे हैं। इससे पहले आस्ट्रेलिया के कप्तान वॉरविक आर्म्सट्रांग यह कारनामा कर चुके हैं। वॉरविक की कप्तानी में आस्ट्रेलियाई टीम ने आठ मैच जीते थे।
भारतीय टीम ने रविवार को मुंबई में श्रीलंका को एक पारी और 24 रनों से पराजित किया। इस तरह भारत ने तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला 2-0 से जीती। इस जीत के साथ भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका को पछाड़कर टेस्ट रैंकिंग के शीर्ष पर पहुंच गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications