इथोपिया में जैव ईंधन उत्पादन में सहायता करेगी भारतीय कंपनी
ग्रोम अबेट
आदिस अबाबा, 7 दिसम्बर (आईएएनएस)। जैव ईंधन उत्पादन के लिए हजारों हेक्टेयर भूमि में खेती से संबंधित सलाह उपलब्ध कराने के लिए भारतीय अक्षय ऊर्जा कंपनी प्रेज ने इथोपिया की इको एनर्जी कंपनी के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तेल की बढ़ती कीमतों से इथोपिया की सरकार को जैव ईंधन पर ध्यान केंद्रित करने के लिए मजबूर होना पड़ा। इथोपिया प्रतिवर्ष करीब 10 अरब बिर (करीब 80 करोड़ डॉलर) मूल्य का तेल आयात पर व्यय करता है।
करीब 25,000 हेक्टेयर क्षेत्र में एक निरंतर वार्षिक फसल व्यवस्था के पूर्ण विकास के लिए प्रेज परामर्श देगी। इसमें फसल से संबंधित पूरी सलाह, भूमि प्रबंधन, सिंचाई और तकनीकी पहलू शामिल होंगे।
इको एनर्जी ने गैर खाद्य फसलों से जैव ईंधन बनाने के लिए पिछली जनवरी में अपने शेयरों की बिक्री की थी। कंपनी इस संबंध में आठ करोड़ डॉलर का निवेश करेगी।
इको एनर्जी के विपणन प्रबंधक दावित निगुस्सी ने आईएएनएस को बताया कि प्रेज ने इथोपिया की कंपनी को विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय संस्थाओं से कोष उपलब्ध कराने में सहायता पर भी सहमति जताई।
भारतीय कंपनी मध्य इथोपिया में मेतेहारा चीनी मिल के एथेनॉल उत्पादन संयंत्र का भी विकास कर रही है। करीब 25 वर्ष पुरानी कंपनी प्रेज 45 से अधिक देशों में एथेनॉल, जैव डीजल, शराब संयंत्रों और उससे जुड़े जलशोधन संयंत्रों का संचालन करती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications