समलैंगिक विवाह करने पर सामाजिक बहिष्कार

यह घटना जिले के कोतवाली देहात थाना-क्षेत्र के नीमखेड़ा गांव की है। वहां 26 वर्षीय युवक काले (अब जरीना) ने इसी गांव के औरंगजेब (50 वर्ष) के साथ 10 दिन पहले पहले चोरी से निकाह कर लिया। रविवार शाम को काले ने परिजनों के सामने निकाह की बात सार्वजनिक करते हुए कहा कि अब वह औरंगजेब के साथ रहने जा रहा है।
इस बात की भनक जब ग्रामीणों को लगी तो वे आग बबूला हो गए। उन्होंने दोनों की पिटाई करके पंचायत के सामने पेश किया। पंचायत ने रविवार शाम दोनों के संबंध को अस्वीकार करते हुए उनके सामाजिक बहिष्कार का फैसला सुनाते हुए तीन दिन के अंदर उन्हें गांव छोड़ने का आदेश दिया।
रिश्तेदारी निभाई तो 10 हजार रुपए जुर्माना
ग्रामीण ताराचंद ने बताया कि काले उर्फ जरीना (दुल्हन) व औरंगजेब (दूल्हा) कुछ साल पहले एक साथ मिलकर गांव में लकड़ी का व्यापार करते थे। इस दौरान उनके बीच गहरी दोस्ती हो गई। अधेड़ फिलहाल गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में एक लकड़ी की दुकान पर काम करता है।
ताराचंद ने कहा कि पंचायत की तरफ से यह चेतावनी भी दी गई है कि अगर किसी ग्रामीण ने इनसे रिश्तेदारी निभाने की कोशिश की तो सजा के तौर पर उसके खिलाफ दस हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा।
उधर, मामले के बारे में पूछे जाने पर कोतवाली देहात थाना-प्रभारी नरेश कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय संवाददाताओं के माध्यम से आज यह मामला उनके संज्ञान में आया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। सिंह ने कहा कि फिलहाल अभी तक दोनों व्यक्तियों ने व्यक्तिगत तौर पर उनसे संपर्क नहीं किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications