'अमरीका में रोज़गार के 11 लाख अवसर'

अमरीका और चीन ने कहा है कि एक साल पहले शुरु हुई वित्तीय मंदी के बाद अर्थव्यवस्था अब बेहतर हो रही है. अमरीकी राष्ट्रपति के कार्यालय ने कहा है कि राष्ट्रपति बराक ओबामा के आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज के कारण रोज़गार के 11 लाख नए अवसर पैदा हुए हैं.
बयान के अनुसार 787 अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज के कारण विशेष तौर पर आर्थिक गतिविधियाँ बढ़ीं. इस पैकेज के असर पर पहली रिपोर्ट के मुताबिक अमरीकी सकल घरेलु उत्पाद इस वर्ष अप्रैल से जून के बीच दो से तीन प्रतिशत बढ़ा. इसके बावजूद रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि बेरोज़गारी बढ़ रही है और वर्ष 2009 के अंत तक दस प्रतिशत हो सकती है.
इस साल अगस्त में बेरोज़गारी की दर 9.7 प्रतिशत थी जो पिछले 26 साल में सबसे ऊँचे स्तर पर थी. आर्थिक सलाहकारों की परिषद के अध्यक्ष ने अमरीकी प्रतिनिधि सभा को बताया, "आर्थिक पैकेज को लागू करने के बाद अर्थव्यवस्था की दिशा बदली और नौकरियों में कटौती और घटते उत्पादन में कुछ कमी आई."
अमरीकी कांग्रेस की एक समिति के समक्ष बोलते हुए अमरीकी वित्त मंत्री टिमोथी गैटनर ने कहा कि अमरीकी अर्थव्यवस्था पिछले साल चरमराने की कगार पर थी लेकिन अब वह बेहतर होने लगी है. उधर चीन के प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ ने कहा है कि विश्व की अर्थव्यवस्था धीरे-धीरे बेहतर होने लगी है.
उत्तर-पूर्वी चीन के डालियान शहर में विश्व आर्थिक फ़ोरम में भाषण देते हुए वेन जियाबाओ ने आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार की नीतियों को सही ठहराया. लेकिन उन्होंने ये भी कहा कि विश्व के वित्तीय संकट का सामना करना दीर्घकालिक और मुश्किल काम है.उनका कहना था कि विश्व की अर्थव्यवस्था एक नाज़ुक दौर से गुज़र रही है लेकिन वे क्षितिज पर सुबह की किरणें देख सकते हैं.












Click it and Unblock the Notifications