वादों पर खरा उतरना है: सोनिया
सोनिया ने गुरुवार को पार्टी संसदीय दल की बैठक में कहा, "आप जल्द ही अपने राज्यों और क्षेत्रों में जाएंगे। मुझे पूरी उम्मीद है कि आप अपने क्षेत्र के सपंर्क में रहेंगे और जनता की मांग और जरूरतों पर ध्यान देंगे।"
उन्होंने कहा, "अब हमारी पार्टी से ही बड़ी संख्या में लोग मंत्री हैं। मैं अपने अनुभव के आधार आप लोगों से कह रही हूं। मेरा कहना है कि जनप्रतिनिधि से उम्मीद और मांग हमेशा बढ़ती है और ऐसा होना भी चाहिए।"
सोनिया ने सभी मंत्रियों से कहा कि वे सांसदों के क्षेत्रों में विकास को लेकर उनके सहयोग के लिए समय निकालें। उन्होंने कहा, "इससे उन राज्यों में खास बदलाव दिखेगा जहां हम सत्ता में नहीं हैं।"
कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी सांसदों के समक्ष राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (नरेगा), शिक्षा के अधिकार, पुनर्वास अध्यादेश और प्रस्तावित राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम का भी उल्लेख किया।
सोनिया ने संसद के इस सत्र में महत्वपूर्ण विधेयकों के पेश किए जाने के दौरान सांसदों की अनुपस्थिति पर नाखुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, "हमारे मुख्य सचेतक के लिए आप लोगों को अहम मौकों पर एकत्र कर पाना कठिन काम है।"
उधर, पाकिस्तान से पनपने वाले आतंकवाद से निपटने के बारे में राष्ट्रीय सहमति से परे नहीं जाने की प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की घोषणा का समर्थन करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अपने पड़ोसी देशों के संदर्भ में भारत की विदेश नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications