'भारत-अमेरिका सहयोग से दोनों देशों को लाभ'
वाशिंगटन, 28 जुलाई (आईएएनएस)। भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते सहयोग को दोनों प्रमुख पार्टियों का समर्थन मिल रहा है। अमेरिका के दो प्रमुख सीनेटरों ने कहा है कि दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग का अर्थ आर्थिक संभावनाओं का बढ़ना है जिससे दोनों देशों को लाभ हो रहा है।
अमेरिकी सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी के भारत समर्थक गुट के नए सहअध्यक्ष क्रिस डॉड और रिपब्लिकन पार्टी के भारत समर्थक गुट के संस्थापक सहअध्यक्ष जान कोर्नियन ने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र होने के अलावा भारत दुनिया की सबसे बड़ी और गतिशील अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।
उन्होंने अमेरिका में भारतीय राजदूत मीरा शंकर का मंगलवार को कैपिटल हिल में स्वागत करने के लिए दिए एक निमंत्रण में कहा, "इस दशक में भारत और अमेरिका में काफी नजदीकी सहयोग हुआ है, जो इससे पहले कभी नहीं था। इससे सिद्ध होता है कि दोनों देश न केवल साझेदारी वरन मित्रता के लिए भी उपयुक्त हैं।"
हिलेरी क्िंलटन के विदेश मंत्री बनने के बाद भारत समर्थक गुट के सहअध्यक्ष का पद संभालने वाले डॉड तथा कोर्नियन ने भारतीय समुदाय के नेताओं को आमंत्रित करते हुए कहा कि यह दोनों देशों के बीच संबंधों की नई शुरुआत का अवसर होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।