दुल्हन को परेशान करने वाला ब्यूटी पार्लर अदा करेगा मुआवजा
पिछले वर्ष 28 जुलाई को शिवानी और उसकी बहन श्रुति ने यहां के क्लियोपेट्रा ब्यूटी पार्लर को शिवानी की शादी के दिन (दो नवंबर) मेकअप के लिए अग्रिम राशि अदा की थी।
शिवानी ब्यूटी पार्लर में 20 अक्टूबर और 29 अक्टूबर को दो बार जाकर वहां की सेवाएं ले चुकी थी। लेकिन जब वह अपनी शादी के दिन अंतिम मेकअप के लिए दो नवंबर को ब्यूटी पार्लर पहुंची तो उसका शटर बंद मिला।
शिवानी ने बुधवार को आईएएनएस से कहा, "हम अपराह्न् 3.30 बजे ब्यूटी पार्लर पहुंचे, लेकिन पार्लर का शटर बंद देख हम चकित रह गए। हमने पार्लर के प्रबंधक के नंबर पर फोन किया, लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं मिला। फिर हमने रसीद पर दर्ज लैंडलाइन पर कई बार कोशिश की, लेकिन किसी ने भी फोन नहीं उठाया।"
शिवानी ने कहा, "हमने दुकान के बाहर एक घंटे तक इंतजार किया। हम बहुत भ्रमित और चिंतित थे, क्योंकि हमें समय पर घर पहुंचना था। चूंकि शादियों का मौसम था, लिहाजा सभी पार्लर पहले से बुक थे। इसके बाद मेकअप के लिए हमे कई पार्लरों में भटकना पड़ा। अंत में एक पार्लर में किसी तरह मेकअप हो पाया।"
बाद में शिवानी और श्रुति ने जिला उपभोक्ता विवाद निवारण फोरम में अलग-अलग शिकायत दर्ज कराई।
फोरम ने इस मामले में दोनों पक्षों को सुनने के बाद पार्लर के मालिक को मंगलवार को आदेश दिया कि वह दोनों बहनों को 10,000 रुपये मुआवजा अदा करे और मुकदमे के खर्च के रूप में 1,100 रुपये की अतिरिक्त राशि अदा करे।
फोरम ने पार्लर को यह भी आदेश दिया कि अन्य ब्यूटी पार्लर में शिवानी और श्रुति के मेकअप पर आए खर्च के रूप में दोनों को वह क्रमश: 8,430 रुपये और 6,430 रुपये की राशि भी अदा करे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications