कमजोर वर्गो के लिए काम करेगी कांग्रेस : सोनिया गांधी (लीड-1)
सोनिया गांधी मंगलवार को जयपुर में एक धन्यवाद रैली को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि जब राज्य में कांग्रेस सत्ता में थी तब उसने किसानों व समाज के कमजोर तबकों के लिए काम किया था। चूंकि कांग्रेस राज्य में फिर सत्ता में आई है, लिहाजा वह किसानों को सुविधाएं मुहैया कराने, युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने तथा समाज के कमजोर वर्गो के उत्थान के लिए फिर से हर संभव कोशिश करेगी।
ज्ञात हो कि पिछले विधानसभा चुनाव (दिसंबर 2008) में राज्य की सत्तारूढ़ भाजपा को पराजित कर कांग्रेस सत्ता में लौटी थी।
भाजपा को सांप्रदायिक करार देते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि धर्म और जाति के नाम पर राजनीति करने वालों पर जनता विश्वास नहीं करती।
सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस धन्यवाद के नाम पर राज्य की जनता को कोई झूठा आश्वासन नहीं देना चाहती।
उन्होंने कहा, "हम अपने कार्यो के जरिए जनता को धन्यवाद देंगे और मुझे भरोसा है कि हम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।"
गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी द्वारा किए गए वादों को पूरा करेगी।
गांधी ने कहा, "हमारा लक्ष्य राजस्थान को भ्रष्टाचार मुक्त राज्य बनाना है।"
विधानसभा चुनाव में पार्टी को सत्ता तक पहुंचाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए सोनिया गांधी ने आगामी लोकसभा चुनाव में भी इसी ऊर्जा के साथ काम करने के लिए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications