रणबीर सिंह हुड्डा का निधन

वो हरियाणा के मौजूदा मुख्यमंत्री भूपेंदर सिंह हुड्डा के पिता थे.
बापू के अनुयायी रहे चौधरी रणबीर सिंह का अंतिम संस्कार सोमवार दोपहर तीन बजे रोहतक में किया जाएगा.
अनुभवी सांसद, योग्य प्रशासक, गरीबों, पिछड़ों और कमज़ोर वर्ग के मार्गदर्शक कहे जाने वाले 95 वर्षीय रणबीर हुड्डा पिछले चार सप्ताह से बीमार चल रहे थे.
कुछ दिन रोहतक स्थित पीजीआई में रखने के बाद उनका उपचार घर पर ही चल रहा था. पिछले कुछ दिनों में उनकी तबीयत अधिक खराब हो गई थी.
जिस वक्त रणबीर हुड्डा ने अंतिम सांस ली, मुख्यमंत्री समेत पूरा परिवार उनके आसपास था.
हरियाणा सरकार ने उनके निधन को देखते हुए तीन दिनों का राजकीय शोक घोषित किया है.
सक्षम सांसद
हुड्डा की मौत पर दुख प्रकट करते हुए हरियाणा के राज्यपाल एआर किदवई ने उन्हें एक सक्षम सांसद, विधायक और समाजसेवी बताया.
उन्होंने कहा कि हुड्डा एक सच्चे प्रजातांत्रिक नेता थे जिन्होंने अनेक प्रकार से देश की सेवा की.
सोमवार को राज्य के सभी सरकारी दफ़्तर और शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे. सोमवार दो फरवरी को शुरू होने वाला विधानसभा का सत्र भी तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है.
रणबीर सिंह हुड्डा का जन्म 26 नवंबर, 1914 को रोहतक के एक छोटे से गाँव संघी में हुआ था. उनकी उच्च शिक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज से हुई थी.
स्वतंत्रता संघर्ष के दौरान उन्हें चार साल के सश्रम कारावास की सज़ा सुनाई गई थी.
जुलाई, 1947 में उन्हें संविधान सभा का सदस्य बना दिया गया था. पहले और दूसरे लोकसभा चुनाव में उन्होंने रोहतक सीट से विजय हासिल की थी और 1972 में उन्हें राज्यसभा का सदस्य बनाया गया था.












Click it and Unblock the Notifications