जरदारी ने फिर अलापा राग कश्मीर
वाशिंगटन, 28 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका ने जहां स्पष्ट कर दिया है कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान के लिए नियुक्त उसके विशेष दूत को कश्मीर मामले में कोई अधिकार नहीं है, वहीं पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी चाहते हैं कि हॉलब्रूक कश्मीर मामले पर भी पहल करें।
समाचार पत्र 'वाशिंगटन पोस्ट' में बुधवार को प्रकाशित एक लेख में जरदारी ने बराक ओबामा प्रशासन के पाकिस्तान को सबसे बड़ी समस्या मानने का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिकी विशेष दूत रिचर्ड हॉलब्रूक निश्चित ही समझेंगे कि हमारे क्षेत्र में शांति केवल लंबे समय से उपेक्षित मुद्दों को हल करने से ही सुरक्षित रह सकती है।
कश्मीर की तुलना फिलीस्तीन मुद्दे से करते हुए जरदारी ने लिखा है कि फिलीस्तीन मुद्दा जहां मध्य-पूर्व में शांति का प्रमुख प्रश्न बना हुआ है वहीं कश्मीर मसले का अर्थपूर्ण हल हमारे क्षेत्र में स्थायित्व ला सकता है।
पाकिस्तानी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विशेष अमेरिकी दूत भारत तथा पाकिस्तान के साथ कश्मीर मामले के केवल उचित हल ही नहीं वरन महत्वपूर्ण आर्थिक और पर्यावरणीय मुद्दों पर भी ध्यान देंगे।
जरदारी ने कहा कि पाकिस्तान का जल संकट सीधे तौर पर भारत के साथ संबंधों से जुड़ा हुआ है। जरदारी ने कहा कि इन सभी समस्याओं का हल दक्षिण एशिया क्षेत्र में तबाही को रोक सकता है और विफलता से केवल आतंकवादी तत्वों को ही मदद मिलेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications