प्रधानमंत्री आईसीयू से बाहर आए , सहयोगियों से बात की (लीड-2)
मनमोहन सिंह के निजी चिकित्सक के.श्रीनाथ रेड्डी ने आईएएनएस को बताया कि प्रधानमंत्री आईसीयू से बाहर आ गए हैं और उनके सभी निगरानी उपकरणों को हटा लिया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य में बहुत तेजी से सुधार हो रहा है और संभवत: वे सप्ताहांत में अस्पताल से छुट्टी पा सकते हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान के अनुसार प्रधानमंत्री शीघ्र काम पर लौटना चाहते हैं और चिकित्सकों को भरोसा है कि ऐसा होगा क्योंकि उनके स्वास्थ्य में बहुत तेजी से सुधार हो रहा है।
मनमोहन सिंह को आईसीयू से बाहर स्थानांतरित करने का निर्णय चिकित्सकों के एक दल ने लिया जिसमें डा. रेड्डी और डा.रमाकांत पांडा शामिल हैं।
इससे पूर्व अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की ओर से जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया कि मनमोहन सिंह की तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है। प्रधानमंत्री की रात आराम से गुजरी। अब उन्हें नियमित निगरानी कक्ष में रखा गया है। उनके कैथेटर्स हटा दिए गए हैं और वे चहल-कदमी कर रहे हैं।
चिकित्सकों ने बताया कि मनमोहन सिंह घर का बना सामान्य भोजन ले रहे हैं। उनकी फिजियोथेरेपी चल रही है और वह कार्डिक रिहेबिलिटेशन के दौर से गुजर रहे हैं।
बुलेटिन में कहा गया , "प्रधानमंत्री ने सुबह अखबार पढ़े और अपने सहयोगियों के साथ चर्चा भी की। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति आर. वेंकटरमन के अंतिम संस्कार के इंतजामों की भी जानकारी ली।"
राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल बुधवार को मनमोहन सिंह का हालचाल जानने एम्स पहुंचीं। राष्ट्रपति भवन के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति ने एम्स में करीब 15 मिनट बिताए और प्रधानमंत्री की पत्नी गुरशरण कौर से मुलाकात की। उस समय प्रधानमंत्री आराम कर रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications