अफगानिस्तान में अहम भूमिका निभा सकता है भारत: अमेरिका
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 28 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के रक्षा प्रमुख का कहना है कि मुंबई पर हुए आतंकवादी हमलों के बाद पाकिस्तान के साथ रिश्तों में आई तल्खी के बावजूद भारत, अफगानिस्तान में अहम भूमिका निभा सकता है।
अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति के बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए मंगलवार को अमेरिका के ज्यांट चीफ ऑफ स्टाफ एडमिरल माइक मुल्लेन ने कहा, "अफगानिस्तान में क्षेत्रीय रवैया अपनाया जाना बहुत जरूरी है लेकिन इसमें सिर्फ अफगानिस्तान और पाकिस्तान को ही शामिल नहीं करना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "मैं यह भी मानता हूं कि भारत वहां महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।"
उन्होंने कहा कि भारत ने अफगानिस्तान में निवेश के लिए बेहद सकारात्मक कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा, "सीमावर्ती राष्ट्र होने के नाते ईरान भी वहां अहम भूमिका निभा सकता है। बातचीत में ईरान को शामिल किया जाना जरूरी है।" उन्होंने कहा कि उसके कुछ साझे हित हैं और उसके आगे बढ़ने की संभावनाएं विद्यमान हैं। उन्होंने कहा कि लेकिन वार्ता का मसला राजनयिकों पर ही छोड़ना चाहते हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या अफगानिस्तान में भारत की भूमिका बढ़ने पर पाकिस्तान को कोई आश्ांका है मुल्लेन ने कहा, "जब मैं क्षेत्रीय रवैये की बात कर रहा हूं तो मेरा अभिप्राय अफगानिस्तान, पाकिस्तान ईरान और भारत से है।" उन्होंने कहा कि भारत का रणनीतिक नेतृत्व, विचार और समर्थन बहुत ही स्पष्ट होगा।
एक प्रश्न के जवाब में मुल्लेन ने कहा कि उनके पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष जनरल अशफाक परवेज कयानी और भारत में सेना के तीनों अंगों के प्रमुखों की समिति के अध्यक्ष एडमिरल सुरीश मेहता दोनों से ही उनके बहुत प्रगाढ़ संबंध है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications