लिट्टे के अंतिम गढ़ मुल्लैतिवु पर श्रीलंकाई सेना का कब्जा (लीड-3)
कोलंबो, 25 जनवरी (आईएएनएस)। श्रीलंकाई सेना ने रविवार को तमिल विद्रोही संगठन लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के कड़े प्रतिरोध और भारी लड़ाई के बावजूद उसके अंतिम गढ़ माने जाने वाले मुल्लैतिवु कस्बे पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया।
श्रीलंका के सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल सरथ फोंसेका ने राष्ट्रीय टेलीविजन पर घोषणा की, "लिट्टे का आतंकी गढ़ मुल्लैतिवु पर हमारे जांबाज सैनिकों ने कब्जा कर लिया है। अब यह पूरी तरह हमारे नियंत्रण में है।"
इससे पहले श्रीलंकाई सेना के वरिष्ठ अधिकारी ब्रिगेडियर उदय नानायक्कारा ने कहा था कि सेना की 59 वीं डिवीजन कस्बे के आंतरिक भाग में कार्रवाई कर रही है। कस्बे में लिट्टे के संस्थापक और प्रमुख वेलुपिल्लै प्रभाकरन के मौजूद होने के कोई संकेत नहीं हैं।
नानायक्कारा ने कहा कि कस्बे में प्रवेश करते समय सेना को लिट्टे विद्रोहियों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा था लेकिन अंतत: सेना कामयाब रही। उन्होंने कहा कि जब सेना ने शहर में प्रवेश किया तो उस समय वहां आम नागरिक नहीं थे।
नानायक्कारा ने कहा कि लिट्टे विद्रोहियों को विश्वमधु और पुथुकुदियरुप्पु के बीच सीमित कर दिया गया था।
रक्षा मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि सेना की 593 वीं ब्रिगेड ने लेफ्टिनेंट कर्नल जयंथा गुणरत्ने के नेतृत्व में रविवार सुबह अचानक हमला करके मुल्लैतिवु कस्बे में प्रवेश कर लिया।
लिट्टे प्रमुख प्रभाकरन के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। माना जा रहा है कि तमिल नेता श्रीलंका से फरार हो चुका है। उसके मलेशिया पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications