बाधाएं पार कर हिलेरी ने ली शपथ (लीड-1)
वाशिंगटन, 22 जनवरी (आईएएनएस)। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पत्नी एवं सीनेटर हिलेरी क्लिंटन अमेरिका की विदेश मंत्री बन गई हैं। हालांकि कुछ सांसदों द्वारा उनके पति बिल क्लिंटन की संस्था के संबंध में चिंता जाहिर करने के बाद उनके नाम की पुष्टि में एक दिन का विलंब हुआ।
अमेरिकी सीनेट ने उनके नाम को 92-2 मतों से मंजूरी दे दी। इसके बाद हिलेरी को बुधवार शाम देश की 67 वीं विदेश मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के तत्काल बाद उन्होंने सीनेट सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
उल्लेखनीय है अमेरिकी सीनेट ने मंगलवार को ओबामा के मंत्रिमंडल के लिए छह मंत्रियों के नामों को स्वीकृति दे दी थी लेकिन रिपब्लिकन सीनेटर जॉन कॉर्नीन की आपत्ति के बाद हिलेरी का नाम रोक दिया गया था।
कॉर्नीन ने कहा था कि उनके मन में क्लिंटन की संस्था क्लिंटन फाउंडेशन को मिलने वाले विदेशी अनुदान को लेकर कुछ शंकाएं हैं।
उन्होंने यह भी कहा था कि फाउंडेशन को उस समय एक भारतीय राजनीतिज्ञ द्वारा भारी अनुदान मिला था जब भारत-अमेरिका परमाणु समझौता कांग्रेस की अंतिम स्वीकृति के लिए रखा गया था।
कॉर्नीन ने कहा, " मैं जानता था कि उनके नाम की पुष्टि हो जाएगी लेकिन मैं इस विषय पर चर्चा चाहता था।"
इंडो एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications