शपथ ग्रहण से पहले वॉशिंगटन में उमड़ा जन सैलाब

इस ऐतिहासिक दिन का गवाह बनने के लिए लाखों लोग वॉशिंगटन पहुँचे हुए हैं. बराक ओबामा अमरीका के पहले अमरीकी-अफ़्रीकी मूल के राष्ट्रपति बनेंगे. माना जा रहा है कि वहाँ करीब 20 लाख लोग जमा हैं.
काले समुदाय के राष्ट्रपति बनने पर मार्टिन लूथर किंग का वीडियो
सुबह से ही लोग बड़ी संख्या में वॉशिंगटन डीसी के नेशनल मॉल इलाक़े में इकट्ठा होना शुरु हो गए थे. इस मौके पर वहाँ कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं. करीब 40 हज़ार सुरक्षाकर्मी या तो तैनात हैं या उन्हें तैयार रहने को कहा है.
कार्यक्रम
शपथ कार्यक्रम (स्थानीय समयानुसार) साढ़े ग्यारह बजे:ओबामा और बाइडन समारोह के लिए पहुँचेगे, बाइडन शपथ लेंगे 12 बजे: बराक ओबामा शपथ लेंगे और उनका भाषण होगा 12.40- ओबामा जॉर्ज बुश को छोड़ने जाएँगे 13.25- जॉर्ज बुश मेरीलैंड में बोलेंगे
संवाददाताओं का कहना है कि अमरीका भर के लोगों में ये एहसास है कि वहाँ इतिहास रचा जा रहा है. बीबीसी के नॉर्थ अमेरिका संपादक जस्टिन वेब के मुताबिक जब बराक ओबामा मंच पर आएँगे और उनका जो अभिनंदन होगा वो लोगों के दिल से निकली हुई पुकार होगी.
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर अमरीका में उत्साह देखते ही बन रहा है. बीबीसी संवाददाता का कहना है कि वॉशिंगटन के भूमिगत रेलवे स्टेशनों पर सुबह पांच बजे से ही भीड़ थी.
वाशिंगटन निवासी रॉनल्ड ब्रिस्बन का कहना था, "मैं कई घंटों से क़तार में खड़ा हूँ, मुझे परवाह नहीं कि कितनी देर खड़ा रहना पड़ता है. मार्टिन लूथर किंग ने कहा था कि 40 साल लग सकते हैं, अब 45 साल हो गए हैं. मैं तो एक घंटा भी और इंतज़ार नहीं कर सकता."
लोगो में उत्साह
मैं कई घंटों से क़तार में खड़ा हूँ, मुझे परवाह नहीं कि कितनी देर खड़े रहना पड़ता है. मार्टिन लूथर किंग ने कहा था कि 40 साल लग सकते हैं, अब 45 साल हो गए हैं. मैं तो एक घंटा भी और इंतज़ार नहीं कर सकता रॉनल्ड ब्रिस्बन
| |
ओबामा परिवार के लिए मंगलवार का दिन बेहद जल्दी शुरू हुआ. स्थानीय समयानुसार नौ बजे से पहले ओबामा परिवार बख़्तरबंद गाड़ी में चर्च गया. इसके बाद व्हाइट हाउस में जॉर्ज बुश और डिक चेनी के साथ बराक ओबामा ने कॉफ़ी पी.
स्थानीय समयानुसार साढ़े ग्यारह बजे बराक ओबामा और जो बाइडन आधिकारिक समारोह के लिए पहुँचेगे जिसमें जॉर्ज बुश और लॉरा बुश भी भाग लेंगे. सबसे पहले जो बाइडन को उपराष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई जाएगी.
स्थानीय समयानुसार दोपहर 12 बजे वो घड़ी आएगी जिसका कई महीनों से लोगों को इंतज़ार था- बराक ओबामा अमरीका राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे.
वे उसी बाइबल का इस्तेमाल करेंगे जिसे अब्राहम लिंकन ने 1861 में शपथ लेते समय इस्तेमाल किया था. इसके बाद ओबामा भाषण देंगे. माना जा रहा है कि ये भाषण 20 मिनट तक चलेगा.
नेशनल मॉल में मौजूद लाखों लोग बड़ी वीडियो स्क्रीन पर ओबामा को देख पाएँगे. वॉशिंगटन में हालांकि कड़ाके की सर्दी है और तापमान शून्य से भी कम है लेकिन लोगों के उत्साह पर इसका असर नहीं पड़ रहा है. सुरक्षा को लेकर विशेष एहतियात बरती जा रही है.












Click it and Unblock the Notifications