बिहार में अराजपत्रित कर्मचारियों की हड़ताल 13वें दिन भी जारी
पटना, 19 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार में अराजपत्रित कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को लगातार 13वें दिन भी जारी रही। जिससे सरकारी अस्पतालों और कार्यालयों में कामकाज लगभग ठप रहा।
सरकार की ओर से भी कोई सार्थक पहल नहीं दिख रही है। हड़ताल का सबसे अधिक प्रभाव राज्य के स्वास्थ्य सेवा पर देखने को मिल रहा है। हालांकि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री नंद किशोर यादव ने मरीजों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होने की बात कही है।
बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने सोमवार को घोषणा की कि कर्मचारी अपना आंदोलन और तेज करेंगे। उन्होंने आईएएनएस को बताया कि 20 जनवरी को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में कर्मचारी मोटरसाइकिल रैली निकालेंगे तथा 23 जनवरी को मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास यात्रा तथा राज्य के मंत्रियों के ग्रामीण क्षेत्रों के दौरे के क्रम में उनका विरोध किया जाएगा तथा ज्ञापन सौंपकर उन्हें कर्मचारियों की मांगों से अवगत कराते हुए समाधान करने की अपील की जाएगी।
बिहार सचिवालय संघ की अध्यक्ष नीलम कपूर ने भी कहा कि सरकार की हठधर्मिता के कारण सरकारी अस्पतालों और कार्यालयों में कामकाज ठप है। हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवा सबसे अधिक प्रभावित है। राज्य के चिकित्सा संस्थानों में आउटडोर से लेकर जांच आदि की सुविधा लगभग ठप हो गयी है।
इस बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने सभी अस्पताल अधीक्षकों को पत्र लिखकर कहा है कि जहां तक संभव हो मरीजों को उपचार और दवायें उपलब्ध कराई जाएं उन्होंने कहा कि पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में मरीजों को दवा उपलब्ध कराने की विशेष व्यवस्था की गई है।
उल्लेखनीय है कि छठे वेतनमान की सिफारिशों को केन्द्र सरकार की तर्ज पर लागू करने की मुख्य मांग को लेकर राज्यभर के अधिकांश कर्मचारी सात जनवरी से ही हड़ताल पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications