पाक ने राजदूतों को दिया मुंबई हमले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन (लीड-2)
विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी और आंतरिक मंत्रालय के सलाहकार रहमान मलिक द्वारा इस संबंध में दी गई जानकारी के समय भारत सहित सभी बड़े देशों के पाकिस्तान स्थित प्रतिनिधि उपस्थित थे।
अधिकारियों के अनुसार कई राजदूतों ने पाकिस्तान द्वारा की जा रही जांच के बारे में कुरैशी और मलिक से कई सवाल भी पूछे।
अधिकारी ने कहा, "राजदूतों को बताया गया कि पाकिस्तान किसी भी संदिग्ध को भारत के हवाले नहीं करेगा लेकिन उसने सभी को आश्वस्त किया कि इस मामले की जांच पारदर्शी तरीके से की जाएगी और उन पर देश में ही निष्पक्षता से मुकदमा चलाया जाएगा।"
पाकिस्तान के विदेश मंत्री और आंतरिक सलाहकार ने फिर कहा कि भारत के अधिकारियों द्वारा और सूचनाएं तथा सबूत उपलब्ध कराए जाने की आवश्यकता है।
कुरैशी ने भारत से बिना विलंब समग्र वार्ता आरंभ करने का आग्रह करते हुए कहा," हमारा विश्वास है कि सभी समस्याएं द्विपक्षीय वार्ताओं के माध्यम से हल हो सकती हैं।"
आंतरिक मंत्रालय के सलाहकार रहमान मलिक ने कहा कि उन्होंने पहले ही अधिकारियों को 10 दिन के भीतर मामले की जांच पूरी करने को कहा है।
उन्होंने कहा कि हम यथाशीघ्र जांच पूरी करने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं लेकिन हम भारत से भी इस मामले में सहयोग की अपेक्षा रखते हैं।
जांच पूरी होने की समय सीमा के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में मलिक ने कहा कि एक निश्चित समय सीमा के बारे में कहना कठिन है लेकिन आरंभिक जांच रिपोर्ट 10 दिनों में पेश कर दी जाएगी।
कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान शांति चाहता है लेकिन यदि उस पर युद्ध थोपा गया तो वह जवाब देगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications