छात्रा को अगवा करने के आरोप में 6 पुलिसकर्मी गिरफ्तार
बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष मोर्डिया ने आईएएनएस को बताया कि एक उपनिरीक्षक व पांच सिपाहियों समेत गिरफ्तार सातों व्यक्तियों के खिलाफ सोमवार को अपहरण का मामला दर्ज किया गया।
इन सभी पर बरेली स्थित उत्तर रेलवे केंद्रीय विद्यालय की आठवीं की एक छात्रा के अपहरण का आरोप है। मोर्डिया ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पुराना पारिवारिक विवाद लगता है।
छात्रा के पिता रेलवे में कार्यरत हैं और शहर की रेलवे कॉलोनी में रहते हैं। पुलिस के मुताबिक फरु खाबाद जिले की मोहम्मदाबाद कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक बृजेश त्रिपाठी ने अपने थाने के पांच सिपाहियों व एक अन्य व्यक्ति के साथ सोमवार को सुबह रिक्शे से स्कूल जा रही छात्रा को जबरन जीप में बिठा लिया।
मोर्डिया के मुताबिक एक प्रत्यक्षदर्शी ने घटना के बारे में तत्काल पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचित कर दिया। अपहरणकर्ता, जिले की सीमा पार कर पाते इसके पहले ही उन्हें देहात क्षेत्र के फतेहगढ़ पूर्वी थाना क्षेत्र में दबोच लिया गया।
उधर, फरु खाबाद के पुलिस अधीक्षक आर.बी.सिंह ने कहा कि दोनों जिलों की पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही और जल्द ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications