प्रणब की बांग्लादेश यात्रा में आतंकवाद पर होगी चर्चा
मुखर्जी आठ फरवरी को ढाका पहुंच रहे हैं। बांग्लादेश में शेख हसीना के नेतृत्व में नई सरकार के गठन के मद्देनजर वैसे तो यह मुखर्जी की सद्भावना यात्रा होगी। लेकिन विदेश मंत्री समूचे दक्षिण एशिया क्षेत्र के संदर्भ में आतंकवाद के मुद्दे पर चर्चा करेंगे।
बांग्लादेश के विदेश सचिव तौहीद हुसैन से मुलाकात करने के बाद रविवार को भारतीय उच्चायुक्त पिनाक रंजन चक्रवर्ती ने संवाददाताओं को बताया, "बांग्लादेश की ओर से प्रस्तावित क्षेत्रीय आतंकवाद निरोधक कार्य बल के गठन के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी और मुझे यकीन है कि हसीना इस मसले को विदेश मंत्री के साथ उठाएंगीं।"
उन्होंने कहा, "दक्षिण एशिया क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के सदस्य देशों में आतंकवाद से मुकाबले के लिए अलग से समझौता हो चुका है। परंतु भारत और बांग्लादेश के पास कई अलग मंच हैं जिन पर संयुक्त कार्रवाई बल के मुद्दे पर चर्चा की जा सकती है।"
मुखर्जी इस दौरे पर बांग्लादेश की विदेश मंत्री दीपू मोनी के साथ दोनों देशों के बीच व्यापार असंतुलन को कम करने, गंगा जल संधि और दोनों देशों के मध्य 4,700 मीटर लंबी सीमा के प्रंबंधन पर चर्चा करेंगे।
मुंबई में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में आए तनाव को देखते हुए भी मुखर्जी की इस यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में ताजमहल होटल और ओबरॉय होटल समेत कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर हुए आतंकवादी हमलों में लगभग 175 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications