मुंबई हमले की पाकिस्तानी जांच पर हमारी पूरी नजर : प्रणब (लीड-1)
मुखर्जी ने संवाददाताओं से कहा कि पाकिस्तान ने आधिकारिक रूप से हमें सूचित किया है कि वे 15 जनवरी से अपनी जांच प्रक्रिया आरंभ कर रहे हैं।
भारत चैंबर्स ऑफ कामर्स की वार्षिक आम बैठक के बाद विदेश मंत्री ने कहा कि हमें इस्लामाबाद स्थित अपने उच्चायुक्त के माध्यम से सूचना मिली है कि पाकिस्तान जांच आरंभ कर रहा है। अब देखना है कि इसमें कितना समय लगता है।
मुखर्जी ने कहा कि 26 नवंबर को हुए हमले के संबंध में जुटाए गए सभी सबूत पांच जनवरी को पाकिस्तान को सौंप दिए गए हैं।
उधर भारत के एनएसई सदस्यों के एसोसिएशन द्वारा आयोजित चौथे अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में मुखर्जी ने कहा, "मैं इन हमलों को अलग-अलग और छिटपुट रूप से नहीं देखता। मेरे पास शक्की दिमाग हो सकता है। मेरे शक्की दिमाग के अनुसार इन हमलों के लिए ठिकानों का चयन भारत की अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाने के लिए किया गया था।"
देश के सामने आतंकवाद को एक गंभीर चुनौती बताते हुए प्रणब ने कहा कि दिल्ली,जयपुर, बेंगलुरू, अहमदाबाद और मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों से देश का स्वाभिमान आहत हुआ है।
उन्होंने कहा कि इन हमलों से यह साफ हो गया है कि हमारे शत्रु भारत की तरक्की से ईष्र्या करते हैं।
मुखर्जी ने कहा कि मुंबई पर 26 नवंबर को किए गए हमले का उद्देश्य भारत की अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाना था लेकिन आतंकवादियों के सफाए के एक दिन बाद ही लोगों ने काम आरंभ कर शत्रुओं का मंसूबों पर पानी फेर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications