काबुल में जर्मन दूतावास के बाहर हमला, 4 मरे 35 घायल (लीड-3)
अपनी वेबसाइट पर जारी एक बयान में तालिबान ने कहा है कि आत्मघाती हमलावर का नाम शम-उल-रहमान था। हमले में आठ जर्मन सैनिकों और कई राजनयिकों की मौत का दावा किया गया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार जर्मन दूतावास की इमारत के सामने किए गए इस हमले में विस्फोटकों से लदी कार का इस्तेमाल किया गया। दूतावास की इमारत अमेरिकी सैन्य ठिकाने से सटी हुई है और राष्ट्रपति भवन से यह महज 200 मीटर की दूरी पर है।
अफगान स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल्ला फहीम ने बताया, "काबुल के चार अस्पतालों से अब तक एकत्र सूचनाओं के मुताबिक हमले में दो नागरिक मारे गए हैं और 23 अन्य घायल हो गए हैं।"
उन्होंने बताया कि घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। इस बीच अमेरिकी सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि हमले में दो सैनिकों की मौत हुई है और 12 अन्य घायल हुए हैं।
अमेरिकी सेना के प्रवक्ता कर्नल जैरी ओ हारा ने कहा है, "इस हमले से शत्रुओं के नेटवर्क के खिलाफ संघर्ष तेज करने का हमारा सामूहिक संकल्प और दृढ़ होगा।"
धमाके के बाद दूतावास के प्रवेश द्वार के सामने खड़े कई वाहनों में आग लग गई और क्षेत्र से धुआं उठता देखा गया। एक स्थानीय टीवी चैनल ने कई घायल अफगान नागरिकों को घटनास्थल से ट्रकों में ले जाते दिखाया गया है। अफगान और अमेरिकी सेना के जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है।
इस बात का तत्काल पता नहीं चल सका है कि हमला जर्मन दूतावास के कर्मियों को निशाना बनाकर किया गया था या किसी और को। यह भी पता नहीं चल सका है कि हताहतों में कोई राजनयिक भी शामिल है या नहीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications