झारखंड में नक्सली हमले में थाना प्रभारी समेत 6 की मौत (लीड-2)
जीप पर मनिका के थाना प्रभारी के अलावा चार जवान और एक जीप चालक सवार था। पुलिस के अनुसार जीप लातेहार जिला मुख्यालय से मनिका की ओर जा रही थी। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर करमाही गांव के नजदीक नक्सलियों ने बारूदी सुरंग विस्फोट कर जीप को उड़ा दिया जिससे उसके परखच्चे उड़ गये।
पलामू के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) नन्दू प्रसाद ने आईएएनएस को बताया कि मनिका थाना प्रभारी कमल चंद्र कुमार, पुलिस जवान नोअस मुंडा, कार्तिक उरांव और सुरेन्द्र राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि सुंदर मुंडा और जीप चालक आनंद कुमार की मौत इलाज के दौराने में लातेहार जिला अस्पताल में हुई। उन्होंने बताया कि विस्फोट के बाद नक्सलियों ने फायरिंग भी की।
उन्होंने आशंका व्यक्त की कि उक्त हमला भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के सदस्यों द्वारा की गया है। प्रसाद के मुताबिक घटनास्थल से सटे जंगल को पुलिस द्वारा घेर लिया गया है तथा नक्सलियों की खोज प्रारंभ कर दी गई है।
इससे पहले राज्य पुलिस के प्रवक्ता एस़ एऩ प्रधान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्फोट में घटनास्थल पर ही पांचों जवानों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस के आला अधिकारी पहुंच गये हैं तथा घटना की जांच प्रारंभ कर दी है।
उल्लेखनीय है कि झारखंड के 24 में से 18 जिले नक्सल प्रभावित हैं। पिछले सात वर्षो में विभिन्न नक्सली हमलों में अब तक 1400 लोग मारे जा चुके हैं जिनमें 744 नागरिक और 320 सुरक्षाकर्मी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*