'ओबामा अंकल' को मिल रही है बच्चों की सलाह
सिएटल शहर से 13 वर्षीय शिनी शैनन यिप ने ओबामा को लिखा है, "मुझे पूरी उम्मीद है आप अमेरिका को फिर से एकजुट करेंगे।"
शिनी और उसके जैसे कई बच्चों ने ये बातें 'थैंक्स एंड हैव फन रनिंग द कंट्री: किड्स लेटर टू प्रेसिडेंट ओबामा' नामक पुस्तक में लिखी हैं। मंगलवार को ओबामा के शपथ लेते समय इस पुस्तक का अनावरण किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि ओबामा आगामी 20 जनवरी को अमेरिका के पहले अश्वेत राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे।
सैन फ्रांसिस्को की आठ वर्षीय मिरेया पेरेज ने ओबामा को 10 सूत्री सलाह ही दे डाली है। इस बच्ची की एक सलाह यह भी है, "आप ऐसा कुछ करिए कि अध्यापक बच्चों को कठिन गृह कार्य नहीं दे सकें। "
बोस्टन की 11 वर्षीय पामेला मेजिया ने ओबामा को सलाह देते हुए कहा है,"मैं चाहती हूं आप ऐसे लोगों के लिए आशियाने बनवाएं जो सड़कों पर रहने को मजबूर हैं। आप अमेरिका के राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं इसके लिए आपको मेरी शुभकामनाएं।"
लास एंजेलिस के नौ वर्षीय एडविन ने लिखा है, "क्या आप मेरे परिवार की मदद करेंगे। मुझे उम्मीद है कि आप एक महान राष्ट्रपति साबित होंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications