पाकिस्तान शांति चाहता है पर समझौता नहीं करेगा: कयानी
इस्लामाबाद, 17 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल अश्फाक परवेज कयानी ने कहा है कि मुंबई हमलों के बाद से भारत के साथ संबंधों में आए तनाव को उनका देश घटाना चाहता है लेकिन इसके लिए पाकिस्तान ना कोई समझौता करेगा और ना ही किसी दबाव में आएगा।
'जियो टीवी' ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि कयानी ने यह बयान शनिवार को ब्रिटिश विदेश मंत्री डेविड मिलीबैंड के साथ बैठक के दौरान दिया।
बताया गया है कि कयानी ने मिलीबैंड से बातचीत में कहा, "पाकिस्तान भारत के साथ तनाव घटाना और क्षेत्र में शांति चाहता है लेकिन देश की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।"
उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना हर तरह के हालात से निपटने के लिए तैयार है। मिलीबैंड ने कहा कि युद्ध से किसी भी पक्ष को लाभ नहीं होगा।
मिलीबैंड ने कयानी ने कहा, "युद्ध किसी के भी हक में नहीं है। भारत और पाकिस्तान को बातचीत करनी चाहिए।" उन्होंने कहा कि ब्रिटेन पड़ोसी देशों के बीच तनाव घटाने में भूमिका निभाएगा।
खबरों में कहा गया है कि बैठक में मुंबई हमलों के बाद की स्थिति, आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान के युद्ध और अन्य द्विपक्षीय मसलों पर चर्चा हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications