भारत-अफगानिस्तान ने पाक को दिया आतंकवाद रोकने का संकेत (लीड-1)
अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई की 24 घंटे की नई दिल्ली यात्रा की समाप्ति पर जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया कि करजई की यह यात्रा मुंबई हमले के बाद भारत व भारतीयों के प्रति अफगानिस्तान की ओर से सहानुभूति व्यक्त करने के लिए थी।
बयान में कहा गया, "करजई व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने द्विपक्षीय, बहुपक्षीय व अंतर्राष्ट्रीय जिम्मेदारियों के अनुसार अपनी-अपनी धरती पर किसी भी तरह के आतंकवाद को रोकने के लिए देशों का आह्वान किया।"
बयान में कहा गया, "आतंकवाद, प्रशिक्षण शिविरों से पैदा हो रहा है और उसे आतंकवादी गुटों से समर्थन मिल रहा है।" इस पूरे बयान में पाकिस्तान की आलोचना की गई, लेकिन उसका कहीं नाम नहीं लिया गया है।
दोनों देशों ने अपने खिलाफ आतंकवाद को एक हथियार के रूप में इस्तेमाल करने के लिए पाकिस्तान की आलोचना की। अफगानिस्तान ने तो पाकिस्तान पर तालिबान को सहयोग देने का भी आरोप लगाया।
भारत ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी पर जुलाई में काबुल में भारतीय दूतावास पर हुए बम हमले का षडयंत्र रचने का आरोप लगाया। इस हमले में 50 लोगों की मौत हुई थी। इस मौके पर भारत ने अफगानिस्तान के पुनर्निमाण में सहयोग देने का अपना वादा फिर दोहराया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications